गांव में पहली बार वाहन पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल और फूल मालाओं से किया स्वागत
गोपेश्वर (चमोली) : पोखरी विकासखंड के डुंगर गांव में ग्रामीणों ने श्रमदान कर मोटर मार्ग का निर्माण किया। पहली बार गांव में वाहन पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल ढमाऊ व फूल मालाओं से वाहन चालकों का स्वागत किया।
वर्षों से सड़क सुविधा से वंचित इस गांव के लोगों ने खुद ही पहल करते हुए चंदा इकट्ठा किया और श्रमदान कर करीब एक किलोमीटर सड़क का निर्माण किया। यह सड़क तोणजी मोटर मार्ग से गांव को जोड़ती है।
सड़क बनने के बाद पहली बार गांव में वाहन पहुंचा तो ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की और इसे एक उत्सव की तरह मनाया। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने वाहन का स्वागत किया और एक-दूसरे को बधाई दी।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से अब गांव तक वाहनों की पहुंच संभव हो गई है, जिससे मरीजों को अस्पताल ले जाने, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के कामकाज में बड़ी सुविधा मिलेगी।
कहा कि सड़क निर्माण को लेकर पांच साल से ग्रामीण शासन प्रशासन के चक्कर काट रहे थे। बावजूद उन्हें सिर्फ कोरे आश्वासन ही दिए गए। शासन प्रशासन के चक्कर काटकर ग्रामीण जब थक गए तो ग्रामीणों ने खुद ही चंदा एकत्रित व श्रमदान कर सड़क निर्माण का कार्य किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान किमोठा हरिकृष्ण किमोठी, सुनील परमार गजे सिंह नेगी, मयंक नेगी, अंकिता बर्त्वाल, इंद्र सिंह, शिवदेई देवी, मुरली परमार, विवेक सिंह परमार, शांति देवी, पूर्व प्रधान राजेश्वरी देवी, बलवीर सिंह परमार, रविंद्र परमार, भूपेंद्र परमार, इशू देवी और मालती देवी, अनुप परमार, सरिता देवी, स्मिता देवी, विनीत परमार, मालती देवी सरोजनी देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।