अपराधियों में वर्दी का खौफ होना चाहिए, उपद्रव बर्दाश्त नहीं: सीएम योगी
कहा- पर्वों को परंपरा के दायरे में मनाने और उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के दियें निर्देश
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सभी पर्व व त्योहारों का आयोजन परंपरा के दायरे में रहकर किया जाएगा। उन्होंने उपद्रव करने व माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश पुलिस को दिए हैं। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि हर हाल में शांति, सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने बाइक से स्टंट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि अपराधियों के मन में पुलिस की वर्दी का खौफ होना चाहिए और किसी भी प्रकार का उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभीमंडलायुक्तों , जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों के साथ बैठक की और मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पुलिस अपनी गश्त (Patrolling) बढ़ाए ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस करें और अपराधियों में कानून का डर बना रहे।
उन्होंने चेन स्नैचिंग और बाइक स्टंट जैसी घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने को कहा है और सीएम ने स्पष्ट किया कि सभी धार्मिक आयोजन और जुलूस परंपरागत तरीके से ही होने चाहिए। किसी भी नई परंपरा या अवांछित गतिविधियों को शुरू करने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी और त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “रंग में भंग” डालने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों से पुलिस अपनी ‘भाषा’ में निपटे।
माहौल बिगाड़ने वालों पर ‘जीरो टॉलरेंस’, लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी” किसी भी अप्रिय घटना के लिए स्थानीय अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय की गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। त्योहारों के समय बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के भी निर्देश दिए गए हैं और मुख्यमंत्री ने प्रशासन को ‘हाई अलर्ट’ पर रहने को कहा है ताकि प्रदेश में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।